PM Modi ने राष्ट्रमण्डल खेलों में भारत के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर खुशी जतायी, बोले- युवा प्रतिभाओं को मिलेगी प्रेरणा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हुए राष्ट्रमण्डल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर खुशी जतायी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने प्रदर्शन से इन खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने इन खेलों में असाधारण प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं। भारतीय दल ने इन खेलों की कुश्ती , बैडमिंटन और निशानेबाजी में कुल 39 पदक जीते हैं। जिसमें से 13 स्वर्ण पदक हैं। पहली बार भारत को इतने स्वर्ण मिले हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया में भारतीय दल के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए लिखा, खेलों में हमारे दल के प्रदर्शन पर गर्व है। इस बात की खुशी है कि देश ने 39 पदक जीते हैं, जिनमें 13 स्वर्ण पदक शामिल हैं। पदक जीतने वालों को बधाई। उन्होंने आगे कहा कि इन खेलों के दौरान, हमारे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने असाधारण कौशल, अटूट दृढ़ संकल्प और समर्पण का प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया है कि इस प्रदर्शन से उभरते खिलाड़ियों को और बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी। भारतीय खिलाड़ियों ने इस बार के खेलों में कई रिकार्ड अपने नाम किये। मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीते जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल थे। यह पहली बार है जब भारतीय मुक्केबाजों ने इन खेलों में इतने अधिक स्वर्ण पदक जीते हैं, वहीं देश को पहली बार जूडो में दो स्वर्ण पदक मिले है जो एक और महत्वपूर्ण ऐतिहासिक उपलब्धि थी। युवा जूडोका अस्मिता डे ने इस खेल में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया, जिसके बाद हर्ष सिंह ने भी अपने वर्ग में स्वर्ण जीता।
वहीं एथलेटिक्स में गुलवीर सिंह एक ही राष्ट्रमण्डल खेलों में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने हैं। लंबी दूरी के धावक गुलवीर ने पहले 10 हजार मीटर की दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। इसके बाद उन्होंने 5 हजार मीटर की दौड़ में कांस्य पदक जीता। इस तरह से वह 5 हजार मीटर दौड़ में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट भी बने। गुलवीर का यह दोहरा प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए नये अवसर पैदा कर रहा है। वहीं भारोत्तोलन में मीराबाई चानू ने लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीता। वहीं युवा खिलाड़ी लवप्रीत सिंह ने स्नैच राउंड में रजत जीतकर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। इन सफलताओं से ये खेल भारतीय दल के लिए काफी अच्छे साबित हुए हैं।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!