Dark Mode
  • Friday, 23 October 2026
Munir के तेहरान दौरे के तुरंत बाद पाक-ईरान सीमा पर हमला

Munir के तेहरान दौरे के तुरंत बाद पाक-ईरान सीमा पर हमला

तेहरान। पाकिस्तान और ईरान की सीमा पर स्थिति उस समय और अधिक तनावपूर्ण हो गई जब पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की तेहरान की आधिकारिक यात्रा समाप्त होने के तुरंत बाद ट्रेड गेट 250 के पास अज्ञात सशस्त्र हमलावरों ने धावा बोल दिया। रिमदान सीमावर्ती क्षेत्र में हुए इस दुस्साहसिक हमले में ताजे फलों और खाद्य सामग्रियों से लदे दर्जनों भारी मालवाहक ट्रकों को आग के हवाले कर दिया गया। हमले के बाद सीमा सुरक्षा बलों और बंदूकधारियों के बीच जोरदार गोलीबारी हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।


इस घटना ने दोनों देशों के कूटनीतिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। हमले की सूचना मिलते ही आपातकालीन दस्तों और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया। पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने हमलावरों को पकड़ने और सीमावर्ती क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं इस हमले का तार बलूचिस्तान क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी गुटों से तो नहीं जुड़ा है। इस अग्निकांड से स्थानीय निर्यातकों और व्यापारियों को करोड़ों रुपये का सीधा नुकसान पहुंचा है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान और ईरान के बीच गब्द-रिमदान और ताफ्तान सीमा चौकियों पर वाणिज्यिक आवाजाही काफी दिनों से बाधित है। पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों और तस्करी रोकने का हवाला देकर ईरानी ट्रकों के प्रवेश पर रोक लगा रखी है, जिसके जवाब में सैकड़ों ट्रक सीमा पर लावारिस हालत में खड़े हैं।

इन ट्रकों के चालकों को पीने के पानी और भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं के संकट से जूझना पड़ रहा है। सेना प्रमुख आसिम मुनीर के तेहरान दौरे के दौरान ईरानी नेतृत्व के साथ सीमा विवाद सुलझाने पर चर्चा हुई थी। ईरान-पाकिस्तान संसदीय मैत्री समूह के प्रमुख फदाहोसैन मलेकी के अनुसार, आसिम मुनीर ने तेहरान से सीमा खोलने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति नहीं बदली। मलेकी ने चेतावनी दी है कि यदि पाकिस्तान की तरफ से ईरानी ट्रकों की आवाजाही को तकनीकी बहाने बनाकर रोका जाना जारी रहा, तो ईरान भी अपनी तरफ से सीमा को पूर्णतः सील कर देगा। इस चेतावनी और नवीनतम हमले ने दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!