Dark Mode
  • Saturday, 07 November 2026
यात्रियों से भरी चलती ट्रेन में आग, 4 डिब्बे जले

यात्रियों से भरी चलती ट्रेन में आग, 4 डिब्बे जले

  • सवारियों ने छलांग लगाई; पटियाला में रोकी अमृतसर-बंगाल कर्मभूमि एक्सप्रेस, 8 ट्रेनें डायवर्ट

पटियाला। पंजाब में शुक्रवार दोपहर चलती कर्मभूमि एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। आग इंजन के साथ लगे जनरल डिब्बे में भडक़ी और देखते ही देखते ट्रेन के 4 जनरल कोच इसकी चपेट में आ गए। आग की चपेट में आए डिब्बों में यात्री सवार थे। इससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। ट्रेन रुकते ही यात्री जान बचाने के लिए नीचे उतरकर खेतों की ओर भागने लगे। इस दौरान कई यात्रियों ने ट्रेन से छलांग भी लगा दी।


घटना फतेहगढ़ साहिब के साधूगढ़ और पटियाला के सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के बीच हुई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, दमकल विभाग और राहत टीमों को अलर्ट किया गया। रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। हादसा दोपहर करीब सवा 1 बजे हुआ। सरकारी रेलवे पुलिस ने बताया कि कोच के पंखे में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह घटना हुई। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


रेलवे ने वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की
अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना है। इसके लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है। यात्रियों से करीब 500 मीटर दूर स्थित नजदीकी स्टेशन पहुंचने को कहा गया है, जहां से उन्हें सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया जाएगा।


सीनियर डीसीएम बोले- कोई हताहत नहीं
उन्होंने बताया कि आग से तीन कोच पूरी तरह प्रभावित हुए, जबकि चौथा कोच भी आंशिक रूप से चपेट में आया। ये ट्रेन अनारक्षित थी। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, उत्तरी रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सेफ्टी सिस्टम सक्रिय होने के बाद ट्रेन रुक गई।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!