मैं बिकिनी पहनूंगी, किसी के बाप का क्या जा रहा है : Sonarika
मुंबई। मशहूर टीवी एक्ट्रेस सोनारिका भदौरिया द्वारा सालों पहले बिकिनी में अपनी तस्वीरें साझा करने पर भयंकर ट्रोलिंग का शिकार होने के बाद अब इस पूरे विवाद पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने ट्रोलर्स को बेहद सख्त लहजे में जवाब दिया है। देवों के देव… महादेव में मां पार्वती का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुईं सोनारिका ने साफ कहा है कि उन्हें अपनी पसंद के कपड़े पहनने के लिए किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है। सोनारिका ने बेबाक अंदाज में कहा, मैं बिकिनी पहनूंगी। किसी के बाप का क्या जा रहा है। यह पूरा मामला साल 2016 का है, जब सोनारिका मॉरीशस वेकेशन पर गई थीं और वहां से उन्होंने बिकिनी में कुछ तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की थीं। इन तस्वीरों के सामने आते ही सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जाने लगा। लोगों ने उनके लिए संस्कारहीन और बेशर्म जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, और कई यूजर्स ने अश्लील और भद्दे कमेंट भी किए थे।
एक्ट्रेस ने बताया कि जब यह ट्रोलिंग हुई, तब देवों के देव… महादेव शो खत्म हो चुका था। इसके बाद भी वह कई सीरियल में काम कर चुकी थीं, लेकिन लोग उनका इंटरव्यू सिर्फ इस सवाल के लिए लेना चाहते थे कि पार्वती का रोल करने वाली एक्ट्रेस बिकिनी कैसे पहन सकती है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में पहुंची सोनारिका ने इस पूरे विवाद पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वह आज भी बिकिनी पहनने से पीछे नहीं हटेंगी, और उन्हें यह सफाई क्यों देनी चाहिए कि उनके पति या पिता को उनके कपड़ों से कोई परेशानी नहीं है। एक्ट्रेस के अनुसार, असल बात यह है कि उन्हें खुद बिकिनी पहनने में कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने इस सोच पर सवाल उठाया कि किसी शो में किरदार निभाने का मतलब यह नहीं है कि असल जिंदगी में भी इंसान को वैसा ही रहना होगा।
सोनारिका ने अपनी बात समझाते हुए कहा कि अगर कोई पानी में जा रहा है तो वह बिकिनी ही पहनेगा, पानी में सूट पहनकर तो नहीं जा सकती। उनके मुताबिक, पर्दे पर निभाया गया किरदार और किसी की निजी जिंदगी दो अलग-अलग चीजें हैं, और लोगों को दोनों के बीच फर्क समझना चाहिए। सोनारिका ने कहा कि उन्हें मां पार्वती के रोल के लिए दर्शकों से बहुत प्यार मिला और वह इसके लिए हमेशा शुक्रगुजार रहेंगी, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि लोग उनकी निजी जिंदगी के फैसले भी तय करेंगे। वह अपनी पसंद और अपनी जिंदगी को लेकर खुद फैसला लेने का हक रखती हैं। सोनारिका का मानना है कि कई लोग दूसरों की जिंदगी देखकर जलते हैं और उन्हें लगता है कि कोई अपनी पसंद से जिंदगी कैसे जी सकता है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!