Dark Mode
  • Tuesday, 03 November 2026
27 नवंबर से इंदौर में शुरू होगा  Plast Pack Expo, दो लाख विजिटर्स के आने की उम्मीद

27 नवंबर से इंदौर में शुरू होगा Plast Pack Expo, दो लाख विजिटर्स के आने की उम्मीद

  • लाभगंगा प्रदर्शनी केंद्र में 500 से अधिक स्टॉल लगेंगे, 450 से ज्यादा प्रदर्शक होंगे शामिल
  • ग्रीन टेक्नोलॉजी और रोजगार कार्यक्रम रहेंगे प्रमुख आकर्षण

इंदौर। प्लास्टिक, पैकेजिंग और प्रिंटिंग उद्योग से जुड़ी कंपनियों का बड़ा जमावड़ा 27 नवंबर से इंदौर में होगा। लाभगंगा प्रदर्शनी केंद्र में चार दिन चलने वाले प्लास्ट पैक 2026 में 450 से अधिक प्रदर्शक और 500 से ज्यादा स्टॉल शामिल होंगे। आयोजकों को दो लाख से अधिक आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। इंडियन प्लास्ट पैक फोरम (आईपीपीएफ) द्वारा आयोजित इस एक्सपो को लेकर होटल रेडिसन ब्लू में प्रमोशनल एवं नेटवर्किंग कार्यक्रम हुआ। इसमें उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश के उद्योगों और एमएसएमई इकाइयों को नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ निवेश और रोजगार को भी बढ़ावा देंगे। भाजपा इंदौर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने पर्यावरण अनुकूल तकनीकों और युवाओं के लिए रोजगार कार्यक्रम की पहल को सराहनीय बताया। इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के अध्यक्ष सचिन बंसल ने कहा कि एक्सपो का उद्देश्य क्षेत्रीय निर्माताओं और एमएसएमई को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आपूर्तिकर्ताओं से जोड़ना तथा आधुनिक तकनीकों के लिए मंच उपलब्ध कराना है।


:: ग्रीन टेक्नोलॉजी और रोजगार पर रहेगा जोर ::
एक्सपो में 100 प्रतिशत कंपोस्टेबल प्लास्टिक, वाटर सॉल्यूबल फिल्म्स, पेपर आधारित पैकेजिंग, इलेक्ट्रिक इंजेक्शन मोल्डिंग मशीनें, एआई आधारित रीसाइक्लिंग प्लांट और स्मार्ट पैकेजिंग सामग्री का प्रदर्शन किया जाएगा। इन तकनीकों के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल उत्पादन, पैकेजिंग और रीसाइक्लिंग के नए विकल्प सामने आएंगे।युवाओं के लिए विशेष रोजगार एवं भर्ती कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इसमें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के प्रमुख उद्योग भाग लेंगे। इसके माध्यम से युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। एमपीआईडीसी, एमएसएमई विभाग, सिपेट, पीएमएमएआई और मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से औद्योगिक नीतियों, सब्सिडी, कौशल विकास और ईपीआर अनुपालन की जानकारी भी दी जाएगी।एक्सपो के प्रचार-प्रसार के लिए इंदौर से शुरू होकर देश के 23 औद्योगिक शहरों में रोड शो आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियों में इंडियन प्लास्ट पैक फोरम प्रबंध समिति के चेयरमैन जाहिद शाह के साथ संजीव सचदेवा, अंकित भारुका, मेहुल ठक्कर, प्रमोद सोमानी, विशाल सोनी, प्रवीण गुप्ता, संदीप ठाकुर, पर्व ओचानी, अभिषेक कासट एवं अजय जायसवाल सक्रिय योगदान दे रहे हैं।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!