नाबालिग से दुष्कर्म : Priyanka बोलीं- जिम्मेदारी लेने से बच रही सरकार
नई दिल्ली। दिल्ली में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या के बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने देश में महिला सुरक्षा की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में इस क्रूर घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक 17 साल की बच्ची के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं और उसे बर्बरता से मार डाला गया। उन्होंने याद दिलाया कि कुछ ही दिन पहले एक और नाबालिग लड़की का बलात्कार किया गया था। प्रियंका गांधी ने महिला सुरक्षा के नाम पर सिर्फ खोखली बातें होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सैकड़ों महिलाओं पर अत्याचार और हिंसा होती है, लेकिन अपराधी ठोस कार्रवाई की उम्मीद नहीं कर सकते, यहां तक कि एफआईआर भी दर्ज नहीं होती। उन्होंने समाज और सरकार दोनों को महिलाओं को सुरक्षा, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार देने में पूरी तरह विफल करार दिया।
इससे पहले, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी दिल्ली की घटना पर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था कि महिलाओं की सुरक्षा के बिना भारत आगे नहीं बढ़ सकता। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, दिल्ली में 17 साल की युवती के साथ गैंगरेप हुआ, उसकी हत्या कर शव खुले मैदान में फेंक दिया गया। राजधानी में इतनी बड़ी दरिंदगी और पुलिस को कई दिनों तक भनक नहीं लगती। दुर्भाग्य है कि दिल्ली आज राजधानी नहीं, महिलाओं के लिए हर दिन की खौफनाक कहानी बनकर रह गई है। उन्होंने गृह मंत्री से दिल्ली पुलिस के अधीन होने का सवाल उठाते हुए पूछा कि महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है, क्योंकि अपराधी तो बेखौफ घूम रहे हैं। उन्होंने दरिंदों की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और सजा की मांग की, साथ ही इस आपराधिक गैर-जिम्मेदारी की जवाबदेही तय करने को कहा। यह मामला 13 सितंबर को सामने आया था, जब उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक बुरी तरह सड़ी-गली लाश मिली। जांच में पीड़िता की पहचान हुई और पता चला कि इस वारदात को चार लोगों ने अंजाम दिया, जिनमें तीन नाबालिग हैं। आरोपियों ने बाद में लड़की के शव को खुले इलाके में फेंक दिया था। पुलिस के अनुसार, पीड़िता आरोपियों को जानती थी और उनके साथ टेंपो में सफर कर रही थी। सफर के दौरान सभी ने शराब पी और फिर लड़की के साथ दुष्कर्म कर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!