Dark Mode
  • Saturday, 14 February 2026
Sudha Chandran को हुआ कमरे में अनजानी शक्ति की मौजूदगी का एहसास

Sudha Chandran को हुआ कमरे में अनजानी शक्ति की मौजूदगी का एहसास

मुंबई। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में मशहूर अभिनेत्री सुधा चंद्रन ने अपने साथ हुई एक ऐसी घटना का खुलासा किया, जिसने उन्हें आज तक भीतर तक हिला रखा है। यह वाकया उस समय का है, जब वह गुजरात में एक प्रोजेक्ट की शूटिंग कर रही थीं। दिनभर की शूटिंग के बाद वह देर रात लगभग 11:30 बजे होटल लौटीं। मां भी साथ थीं, इसलिए वह आराम से खाना खाकर कमरे में चली गईं और सो गईं। रात शांत थी, लेकिन अचानक उनकी नींद टूटी और उन्होंने देखा कि कमरे की अलमारी खुली हुई थी। उन्हें पूरा विश्वास था कि उन्होंने उसे बंद किया था। उसी क्षण उन्हें कमरे में किसी अदृश्य मौजूदगी का एहसास हुआ, जैसे कोई अनजानी शक्ति कमरे में धीरे-धीरे उनकी ओर बढ़ रही हो। सुधा ने बताया कि अचानक उनके सीने पर भारी दबाव महसूस होने लगा। उनका पूरा शरीर जकड़ गया था। वह न बोल पा रही थीं, न हिल पा रही थीं। मां बिल्कुल पास में थीं, फिर भी वह उन्हें आवाज नहीं दे पा रही थीं। उन्हें ऐसा लगा कि कोई अनदेखी ताकत उन्हें दबोच रही है और उनकी ऊर्जा को खत्म करने की कोशिश कर रही है। उस कुछ पलों का डर इतना गहरा था कि उन्हें लगा वक्त थम गया है और वह पूरी तरह असहाय हो गई हैं। इसी घबराहट और बेबसी के बीच सुधा को अपनी आस्था याद आई। उन्होंने मन ही मन भगवान कार्तिक का नाम जपना शुरू किया और अपनी पूरी ताकत जुटाकर मां को छूने की कोशिश की। उसी क्षण उन्हें लगा जैसे कोई अदृश्य बंधन टूट गया हो।

धीरे-धीरे उनका शरीर हल्का होने लगा, दबाव कम हो गया और उनकी आवाज लौट आई। जैसे ही वह बोल पाईं, उन्होंने तुरंत अपनी मां को जगाया। उनकी मां ने उन्हें संभाला, विभूति लगाई और शांत कराया। सुधा ने बताया कि उस घटना के बाद वह देर रात तक सो नहीं पाईं और पूरे कमरे में एक अजीब सा माहौल महसूस होता रहा। उस रात ने उनका आत्मविश्वास कमजोर जरूर किया, लेकिन उनकी आस्था और विश्वास को कई गुना बढ़ा दिया। सुधा चंद्रन आज भी उस रात को याद करते हुए सिहर उठती हैं। बता दें कि टीवी और फिल्म जगत में दशकों से दमदार किरदारों के लिए मशहूर अभिनेत्री सुधा चंद्रन ने पर्दे पर जितनी बार दर्शकों को झकझोरा है, उतना ही गहरा एक अनुभव उनकी असल जिंदगी में भी दर्ज है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!