Trump ने कहा नेतन्याहू को पीएम चुनें, वे कभी निराश नहीं करेंगे
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को उनके दोबारा प्रधानमंत्री बनने के लिए अपना पूरा और खुला समर्थन दिया है। ट्रंप ने इजरायल के लोगों से सीधे अपील की है कि वे नेतन्याहू को फिर से चुनें। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, बीबी नेतन्याहू आपको कभी निराश नहीं करेंगे। ट्रंप ने यह समर्थन ट्रुथ सोशल पर इजरायलियों को संबोधित एक लंबी पोस्ट के जरिए व्यक्त किया। इस पोस्ट में उन्होंने नेतन्याहू को महान योद्धा प्रधानमंत्री बताते हुए उनकी जमकर तारीफ की। ट्रंप के अनुसार, नेतन्याहू एक बहुत मजबूत और बहादुर लीडर हैं, जिन्होंने कई तरह के विरोध और दबाव का सामना करने के बावजूद मजबूती से अपनी बात रखी और मुश्किल हालात में और भी मजबूत बनकर उभरे।
पूर्व राष्ट्रपति ने अपने पोस्ट में साफ किया कि वे नेतन्याहू को अगले चुनाव में पूरा समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने लिखा कि नेतन्याहू हमेशा इजरायल के लोगों के हित में काम करते रहे हैं और दबाव में भी अपने फैसलों से पीछे नहीं हटे, बल्कि देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देते रहे। इस दौरान ट्रंप ने एक बड़ी चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि अगर इजरायल ने नेतन्याहू के अलावा किसी और को प्रधानमंत्री चुना, तो अमेरिका को ईरान के खिलाफ लड़ाई अकेले ही लड़नी पड़ सकती है। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि वे ऐसा रास्ता नहीं अपनाना चाहते और चाहते हैं कि इजरायल मजबूत लीडर के साथ ईरान का सामना करे। ईरान को लेकर भी ट्रंप ने सख्त बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि ईरान अब सैन्य और आर्थिक दोनों मोर्चों पर कमजोर हो चुका है।
ट्रंप का कहना था कि अगर ईरान अपना मौजूदा बर्ताव जल्दी नहीं बदलता और अपनी गतिविधियां नहीं रोकता, तो अमेरिका अपनी कोशिशें जारी रखेगा। उन्होंने ईरान को चेताया कि उसका मौजूदा तरीका जारी रखना उसके लिए नुकसानदायक साबित होगा। ट्रंप ने नेतन्याहू के नेतृत्व को अमेरिका और इजरायल के रिश्ते के लिए बहुत महत्वपूर्ण बताया, उन्हें अमेरिका का अहम पार्टनर कहा। उन्होंने इजरायल के लोगों से फिर अपील करते हुए कहा कि वे नेतन्याहू को निराश न करें, क्योंकि प्रधानमंत्री भी उन्हें कभी निराश नहीं करेंगे।
Tags
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!