जेन-जी खुद को बहकावे में न आने दें, तथ्यों को समझें: Isha Koppikar
मुंबई। देश की जेन-जी पीढ़ी को संदेश देते हुए बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने कहा है कि वे किसी के बहकावे में आकर फैसला न लें। उन्होंने युवाओं से अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने, तथ्यों को समझने और देश के विकास में योगदान देने की अपील की। ईशा कोप्पिकर का कहना है कि युवाओं को भावनाओं में बहने के बजाय सही और गलत के बीच अंतर समझकर जिम्मेदारी से कदम उठाना चाहिए। ईशा कोप्पिकर ने कहा कि आज के युवाओं को खुद को किसी के प्रभाव में आने से बचाना चाहिए। उन्होंने पढ़ाई को प्राथमिकता देने और किसी भी मुद्दे पर राय बनाने से पहले उसके तथ्यों की जांच करने की सलाह दी। अभिनेत्री ने कहा कि युवाओं को यह समझना चाहिए कि देश के हित में क्या सही है और क्या गलत। केवल भावनात्मक अपील या दूसरों की बातों से प्रभावित होकर कोई कदम नहीं उठाना चाहिए।
अभिनेत्री ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए पढ़ाते-लिखाते हैं। ऐसे में युवाओं को अपनी शिक्षा का सही इस्तेमाल करना चाहिए और देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। उन्होंने आगाह किया कि बिना पूरी जानकारी के उठाया गया कदम बाद में पछतावे का कारण बन सकता है। यह पहली बार नहीं है, जब ईशा कोप्पिकर ने युवाओं को इस तरह की सलाह दी है। इससे पहले भी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं से अपील की थी कि वे किसी भी विरोध प्रदर्शन या आंदोलन में शामिल होने से पहले उसके पीछे के तथ्यों को अच्छी तरह समझें।
उन्होंने कहा था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली बातों या भावनात्मक संदेशों के आधार पर तुरंत कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए। किसी भी मुद्दे पर अपनी राय बनाने से पहले स्वतंत्र रूप से जानकारी जुटाना, सवाल पूछना और वास्तविकता को समझना जरूरी है। ईशा ने लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने के साथ सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि युवाओं को भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय विवेकपूर्ण तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए और देश को मजबूत बनाने में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। गौरतलब है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दलों तथा कॉकरोच जनता पार्टी सहित विभिन्न संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!