Dark Mode
  • Thursday, 12 February 2026
मुख्यमंत्री Dr. Mohan Yadav ने रीवा, सतना, दमोह एवं टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया

मुख्यमंत्री Dr. Mohan Yadav ने रीवा, सतना, दमोह एवं टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया

- यह चुनाव भारत को दुनिया का नंबर वन देश और मध्यप्रदेश को नंबर एक का प्रदेश बनाने के लिए है- डॉ. मोहन यादव

रीवा, सतना, दमोह, टीकमगढ़। हमारे देश के साधु-संत भगवा पहनते हैं। वे संस्कृति की रक्षा करते हैं। भाजपा भी हमेशा से भगवा की पक्षधर रही है। अब दूरदर्शन के लोगों में भगवा रंग हो गया तो कांग्रेस के लोग उस पर भी आपत्ति उठा रहे हैं। हिन्दुओं के चिन्हों से कांग्रेस को हमेशा से नफरत रही है। वर्षों तक हमारे देश पर राज करने वाले अंग्रेजों ने भी जो पाप और काम नहीं किए उन कामों को करने का पाप कांग्रेस पार्टी ने किया है। 500 साल से बाहर बैठे भगवान श्रीराम को 70 सालों तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस पार्टी मंदिर में विराजमान नहीं करवा सकी। हम सौभाग्यशाली हैं कि हम उस देश में रह रहे हैं, जहां गीता, गंगा और गौ माता को पूजा जाता है और उनके कारण ही दुनिया में भारत की संस्कृति जीवित है, हमेशा पूजती रही और अब उस संस्कृति एवं भारत माता की आन, शान बान को बचाने के लिए उनके पीछे 56 इंच का सीने लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी खड़े हैं। यह चुनाव भारत को दुनिया का नंबर वन देश और मध्यप्रदेश को नंबर एक का प्रदेश बनाने के लिए है। यह बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी  जनार्दन मिश्रा के समर्थन में सेमरिया विधानसभा, सतना लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह के समर्थन में अमरपाटन विधानसभा, दमोह लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राहुल लोधी के समर्थन में बण्डा विधानसभा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक के समर्थन में छतरपुर में आयोजित रोड शो में भी सहभागिता की एवं जनसभा को भी संबोधित किया। सेमरिया में आयोजित जनसभा को उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला ने भी संबोधित किया।

कदम-कदम पर कांग्रेस ने अड़ंगे लगाए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग हमारे अपने देश को लजाने का काम करते हैं और वोट मांगने सबके पास जाते हैं। ये नादान कांग्रेस के लोग थे, जिन्होंने भगवान श्रीराम के आमंत्रण को भी ठुकराया। वे अयोध्या में दर्शन करने अंदर नहीं आए। भगवान श्रीराम 500 वर्षों तक खुले आसमान के नीचे बैठे रहे और कांग्रेस पार्टी ने 70 सालों तक देश पर राज किया, लेकिन ये भगवान श्रीराम को मंदिर में विराजमान नहीं करवा पाए। कांग्रेस को जितना हिंदू समाज और मुस्लिम समाज को परेशान करना था कर लिया। वे भगवा का भी अपमान करते हैं। ये केवल भगवा का अपमान नहीं, यहां के देशभक्त मुसलमान को भी हिंदू-मुसलमान में लड़ाने का प्रयास करते हैं। श्रीराम मंदिर को लेकर देश में जब-जब दंगे हुए। कांग्रेस की सरकार में दंगे हुए। कश्मीर के अंदर 40 हजार से अधिक लोगों की हत्या हो चुकी है। ये हत्या का कलंक कांग्रेस के माथे पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस के अतीत को देखेंगे तो बनारस हिंदू विश्वविद्यालय किसी ने स्थापित किया तो तत्कालीन कांग्रेस के अध्यक्ष पंडित मदन मोहन मालवीय ने स्थापित किया था। बाल गंगाधर तिलक भी कांग्रेस के अध्यक्ष रहे, उन्होंने जगह-जगह भगवान गणेशजी के लिए गणेश उत्सव की स्थापना कर दी और वर्तमान कांग्रेस तो सनातन धर्म को ही बदनाम करने में जुटी हुई है।

कांग्रेस के पास सोच और लीडरशिप दोनों का अभाव है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 1857 की लड़ाई हिंदू-मुस्लिम दोनों ने मिलकर लड़ी, लेकिन अंग्रेजों ने फूट डालने का बीज डाला। धीरे-धीरे कांग्रेस ने अपनी गलतियों को याद करने के बजाय देश को ऐसे मुकाम पर लाकर छोड़ दिया है, जहां लीडरशिप का अभाव है, सोच का अभाव है। उन्होंने कहा कि बंद पड़ी बस को अगर चालू करना है तो समझदार लोग पीछे से धक्का लगाएंगे और ड्राइवर साहब खटर-पटर करेंगे। हो सकता है बस चालू हो जाए, लेकिन कांग्रेस की बस ऐसे खड़ी है कि जिसमें डीजल-पेट्रोल तो था। धक्का 4 आगे से लगा रहे हैं और 4 पीछे से। उनको समझ में नहीं आ रहा, बस चलेगी कैसे..? ये नादान की दोस्ती जी का जंजाल है।

अंग्रेज देश नहीं बांट पाए, लेकिन कांग्रेस ने बांट दिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अंग्रेजों ने इतने वर्षों तक हमारे देश पर राज किया, लेकिन वे देश नहीं बांट पाए और कांग्रेस ने जब देश आजाद हुआ तो उन्होंने देश का बंटवारा पहले ही पसंद कर लिया। देश के बंटवारे को मंजूर करना कांग्रेस का सबसे बड़ा अपराध था। देश के बंटवारे के समय झूठ बोला गया कि चाहे सिख हो, मुस्लिम हो, जिसको भी भारत में आना होगा। हम सबका स्वागत करेंगे, लेकिन वह आश्वासन झूठा हुआ, क्योंकि सीएए का सबसे ज्यादा विरोध कांग्रेस ने किया। हमारे लिए हिंदू और मुसलमान इस देश के अंदर दोनों देशवासी हैं। हम इस भाव से देखते हैं। हम रसखान की कविताओं को भी स्मरण करते हैं और कबीर दास जी के दोहों का भी सम्मान करते हैं, लेकिन अपने देश के अंदर भगवान श्रीराम का कोई अपमान करे, यह बर्दाश्त नहीं करेंगे। जैसे रावण को मारने के लिए उसके नाभि के अमृत को जलाना पड़ा वैसे ही कांग्रेस की इस मानसिकता को जलाने के लिए भाजपा का बटन दबाओ।

गीता, गंगा और गौ माता ने बचाई संस्कृति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिस देश में गीता, गंगा और गौ माता की पूजा होती हो, उस देश का कोई क्या बिगाड़ सकता है। आज गीता, गंगा और गौ माता के कारण ही दुनिया में भारत की संस्कृति हमेशा से पूजती रही। हमें इस बात का गर्व है। देश की संस्कृति को एक रस करते हुए, सबके साथ चलने का विकास का रास्ता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नारे में आया है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के जीवन में कष्ट ही कष्ट थे, लेकिन दोनों ने अपनी कठिन परिस्थितियों से लड़कर देश, दुनिया और समाज के सामने मानवता की स्थापना की।

अब डबल इंजन की सरकार है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा 2023 के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने आह्वान किया था। राज्य सरकार भाजपा की बनाओ विकास के मामले में डबल इंजन की सरकार चलेगी। मुझे प्रसन्नता है कि आपने मोदी जी के आह्वान पर 163 विधायकों के साथ मजबूत सरकार बनाई। इससे पहले जब 2014 में प्रधानमंत्री श्री मोदीजी ने हुंकार भरी तो मोदी जी की आंधी में विपक्ष ऐसे उड़ा कि 115 ही बचे। 2019 में दोबारा मोदी जी का रास्ता रोकने के लिए गए तो ऐसे उड़े की एक बस में आ जाए केवल 52 ही बचे। अब तीसरी बार आ रहे हैं, इस बार ऐसी आंधी चल रही है। अब टेंपो की सवारी की स्थिति में रह जाएंगे कांग्रेस और उसके साथी दल। हम सब मिलकर संकल्प लें कि एक-एक वोट मोदी जी के लिए गिरना चाहिए। यह चुनाव भारत के लिए नहीं दुनिया में भारतीयता के लिए चुनाव है, भारत का मान-सम्मान बढ़ाने वाला चुनाव है, दुनिया में मानवता की स्थापना करने वाला चुनाव है।

भगवान महावीर के सिद्धांतों को लेकर चलने वाला देश है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारा देश तो भगवान महावीरजी के जियो और जीने दो के सिद्धांतों को लेकर चलने वाला देश है। हम तो उनके सिद्धांतों को मानने वाले लोग हैं। भगवान महावीर स्वामी जी ने अहिंसा का सिद्धांत दिया था और हम सब इसी सिद्धांत पर देश-प्रदेश को आगे बढ़ा रहे हैं। हमारी सूर्य आधारित संस्कृति है और सूर्य का अपना जो कलर है वह हमें प्रेरित करता है, इसलिए हमारे साधु-संयासी भी वस्त्र में भगवा धारण करते हैं। जैसे सूर्य सबको जीवन देता है वैसे ही भगवा वस्त्र धारण करके हमारे सन्यासी अपना जीवन जलाकर हमारी धर्म ध्वजा धारण करके सबका मार्गदर्शन करते हैं।

यह चुनाव देश और प्रदेश को नंबर एक बनाने का है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एक व्यक्ति जिसका स्वयं का मकान नहीं है, लेकिन देश के 4 करोड लोगों को पक्के मकान दे चुका है। जिनके मकान कच्चे हैं उन सभी के मकान पक्के बनेंगे। 5 लाख रूपए तक का इलाज निःशुल्क कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदीजी की सरकार में कोई बीमारी से नहीं मरेगा। ये चुनाव भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने के लिए और मध्य प्रदेश को नंबर एक का प्रदेश बनाने के लिए है।

रोड शो में उमड़ा अपार जनसमूह
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक के समर्थन में छतरपुर में रोड शो किया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ अपार जनसमूह उमड़ा। हर तरह माहौल भाजपामय नजर आया। दूर-दूर तक मोदी... मोदी... की आवाज गूंजती रही। रोड शो के दौरान आगे-आगे भाजपा का झंडा लिए हुए कार्यकर्ता नारे लगाते हुए चल रहे थे तो वहीं पीछे-पीछे रथ पर सवार होकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जनता का अभिवादन स्वीकारते हुए चल रहे थे। उन पर रास्तेभर फूलों की बारिश होती रही। लोग अपने घरों से मुख्यमंत्री के रथ पर फूल बरसाते रहे। मुख्यमंत्री ने भी जनता से आशीर्वाद मांगा और उनका अभिवादन करते हुए कहा कि वे टीकमगढ़, छतरपुर सहित संपूर्ण बुंदेलखंड के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। यहां पर विकास की गंगा बहाई जाएगी।

रीवा में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सहित 500 कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला के समक्ष सेमरिया में आयोजित जनसभा के दौरान कांग्रेस पार्टी के रीवा जिले के पूर्व अध्यक्ष त्रियुगी नारायण शुक्ला (भगत), पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रदीप सोहगौरा, पूर्व जनपद सदस्य व युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष दिवाकर द्विवेदी ने कांग्रेस के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के 500 नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने पार्टी में शामिल होने वालों को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया है। भाजपा में शामिल होने वालों में सेमरिया के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आशिफ खान, सेमरिया विधानसभा के पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामप्रसाद शुक्ला, पूर्व जिला महामंत्री पूर्णेंद्र द्विवेदी, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुजीत सोनी, ब्लॉक उपाध्यक्ष मो. असलम खान, जिला प्रवक्ता, मीडिया प्रभारी अजीत मिश्रा, आईटी सेल कार्यकारी अध्यक्ष ओम कालेश्वर शुक्ला सहित 7 मंडलम अध्यक्ष, 3 ब्लॉक संगठन मंत्री, दर्जन भर से अधिक सेक्टर अध्यक्ष सहित सेमरिया विधानसभा के 500 से अधिक कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल हैं।

ये मंचासीन रहे
इस अवसर पर रीवा में सांसद जनार्दन मिश्रा, पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री राजेश पाण्डेय, लोकसभा प्रभारी रामलाल रौतेल, विधायक नागेंद्र सिंह,  प्रदीप पटेल, दिव्यराज सिंह, नरेंद्र प्रजापति, सिद्धार्थ तिवारी, पूर्व विधायक के पी त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जिला अध्यक्ष डॉ अजय सिंह, जिला अध्यक्ष मऊगंज डॉ राजेंद्र मिश्रा उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!