Dark Mode
  • Wednesday, 03 June 2026
शानदार अभिनय से Krishna and Sudesh ने किया भरपूर मनोरंजन

शानदार अभिनय से Krishna and Sudesh ने किया भरपूर मनोरंजन

मुंबई। छोटे परदे के मनोरंजन की दुनिया में अभिनेता और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक तथा सुदेश लहरी की जोड़ी का स्थान बेहद खास माना जाता है। इस जोडी ने अपने शानदार अभिनय और कॉमिक अंदाज से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। जब भी ये दोनों कलाकार एक साथ मंच पर नजर आते हैं, उनकी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग, हाजिरजवाबी और देसी अंदाज दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर देते हैं। वर्षों से यह जोड़ी कॉमेडी प्रेमियों की पसंद बनी हुई है। दिलचस्प बात यह है कि आज जिस जोड़ी को दर्शक सबसे सफल कॉमिक साझेदारियों में गिनते हैं, उसकी शुरुआत पूरी तरह एक संयोग के कारण हुई थी। 30 मई 1983 को मुंबई में जन्मे कृष्णा अभिषेक का वास्तविक नाम अभिषेक शर्मा है। उनकी मां महानायक अमिताभ बच्चन की बड़ी प्रशंसक थीं और इसी वजह से उन्होंने अपने बेटे का नाम अभिषेक रखा था। बाद में मनोरंजन जगत में अलग पहचान बनाने और ज्योतिषीय सलाह के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर कृष्णा अभिषेक कर लिया। कृष्णा का संबंध हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता गोविंदा से भी है, जो उनके मामा हैं। कृष्णा कई बार यह स्वीकार कर चुके हैं कि अभिनय, डांस और मनोरंजन की कला सीखने में गोविंदा का उनके जीवन पर बड़ा प्रभाव रहा है। कृष्णा ने अपने करियर की शुरुआत फिल्मों से की थी। उन्होंने हिंदी के साथ-साथ भोजपुरी, तमिल और मराठी फिल्मों में भी काम किया, लेकिन उन्हें वह सफलता नहीं मिली जिसकी उन्हें उम्मीद थी।

इसके बाद उन्होंने टेलीविजन का रुख किया और यहीं से उनके करियर ने नई उड़ान भरी। कॉमेडी शो ‘कॉमेडी सर्कस’ में उनकी प्रतिभा को पहचान मिली और दर्शकों ने उनके हास्य अंदाज को खूब सराहा। एक कार्यक्रम के दौरान कृष्णा ने बताया था कि ‘कॉमेडी सर्कस’ की शूटिंग से पहले उनके साथी कलाकार ने अचानक शो छोड़ दिया था। दूसरी ओर, सुदेश लहरी का भी अपने कॉमिक पार्टनर के साथ मतभेद हो गया था। ऐसे में शो की टीम ने दोनों कलाकारों को साथ लाने का फैसला किया। यह प्रयोग इतना सफल रहा कि कृष्णा और सुदेश की जोड़ी देखते ही देखते देशभर में लोकप्रिय हो गई। इसके बाद दोनों ने कई मंचों और कार्यक्रमों में साथ काम किया और दर्शकों का भरपूर प्यार हासिल किया। कृष्णा ने ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’, ‘द कपिल शर्मा शो’ और ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ जैसे लोकप्रिय कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ‘सपना’ के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। वहीं सुदेश लहरी के साथ उनकी जुगलबंदी आज भी कॉमेडी प्रेमियों के लिए मनोरंजन की गारंटी मानी जाती है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!