Dark Mode
  • Monday, 02 November 2026
Srishti Singh फिल्म जॉन डो से करेगी तमिल इंडस्ट्री में डेब्यू

Srishti Singh फिल्म जॉन डो से करेगी तमिल इंडस्ट्री में डेब्यू

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री सृष्टि सिंह आगामी तमिल मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फिल्म जॉन डो से तमिल इंडस्ट्री में अपना डेब्यू करने जा रही हैं। बॉलीवुड फिल्मों के बाद सृष्टि सिंह अब दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अपकमिंग तमिल फिल्म में सृष्टि दर्शना नाम की एक बेहद जटिल और भावनात्मक भूमिका निभाती नजर आएंगी। सृष्टि का कहना है कि जब उन्होंने पहली बार इस फिल्म की पटकथा पढ़ी, तो दर्शना का चरित्र उन्हें इतना प्रभावशाली और जीवंत लगा कि वे खुद को इस प्रोजेक्ट से जुड़ने से रोक ही नहीं सकीं।


एक साक्षात्कार के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए सृष्टि ने बताया कि एक कलाकार के रूप में उनकी हमेशा यह कोशिश रहती है कि वे ऐसे किरदारों का चयन करें जो उनकी व्यक्तिगत जिंदगी और स्वभाव से पूरी तरह भिन्न हों। दर्शना का रोल उनके लिए एक ऐसा ही सुनहरा अवसर था। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पहली बार इस रोल को समझा, तो उन्हें अहसास हुआ कि वास्तविक जीवन में वे दर्शना से बिल्कुल अलग हैं। यही भिन्नता उन्हें इस किरदार की ओर खींच लाई। हालांकि, इस भूमिका को पर्दे पर पूरी सच्चाई के साथ उतारने के लिए उन्हें एक लंबी और चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। किरदार के दुखों, उसकी संवेदनाओं और उसके जीवन के कड़वे अनुभवों को गहराई से महसूस करना उनके लिए काफी रोमांचक रहा।


अपनी भूमिका के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए सृष्टि ने कहा कि भारतीय फिल्म उद्योग में कई बार कलाकारों को एक ही प्रकार की रूढ़िवादी भूमिकाओं में बांध दिया जाता है। लेकिन दर्शना केवल एक पारंपरिक मां का किरदार नहीं है, बल्कि वह एक बेहद मजबूत और स्वतंत्र विचारों वाली महिला है। उसने अपनी जिंदगी में ऐसे दुखों और त्रासदियों का सामना किया है जिसकी कल्पना करना भी आम इंसान के लिए कठिन है। वह अपने पति, बच्चों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच कई कठिन चुनौतियों से गुजरती है, लेकिन इसके बावजूद टूटती नहीं है। वह अपने परिवार के लिए एक मजबूत ढाल बनकर खड़ी रहती है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!