दुनिया के सबसे बड़े निवेशक Warren Buffett ने 48 साल से नहीं पीया पानी?
- यह चौंकाने वाला खुलासा पॉडकास्ट में किया गया, बेटी की डॉक्यूमेंट्री में भी जिक्र
वाशिंगटन। दुनिया के सबसे महान निवेशकों में शुमार 96 साल के वॉरेन बफेट बीते 48 सालों से सादा पानी नहीं पीते हैं। यह चौंकाने वाला खुलासा एक पॉडकास्ट में किया गया, जिसमें बताया गया कि एक बार बफेट को डिनर पर सादा या सोडा वाटर ऑफर किया गया, तो उन्होंने मना करते हुए कहा मैंने पिछले 48 सालों से पानी नहीं पिया है। यह बात केवल एक स्रोत तक सीमित नहीं है, बल्कि खुद बफेट की बेटी सूजी बफेट ने भी एक डॉक्यूमेंट्री में इसका जिक्र किया है, जिससे इस दावे को और बल मिलता है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अब सवाल उठता है कि यदि वॉरेन बफेट पानी नहीं पीते, तो उनकी प्यास कैसे बुझती है? वह सादे पानी की जगह बफेट कोका-कोला पीते हैं। वह हर रोज करीब पांच कैन कोका-कोला का सेवन करते हैं, जिसमें उन्हें चेरी कोक विशेष रूप से पसंद है। बफेट मजाक में अक्सर यह कहते हैं कि उनका शरीर एक-चौथाई कोका-कोला से बना है, क्योंकि उनकी रोज की 2,700 कैलोरी का करीब 25 फीसदी हिस्सा इसी ड्रिंक से आता है।
रिपोर्ट के मुताबिक बफेट का कोका-कोला के प्रति प्रेम सिर्फ स्वाद तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका उनके निवेश से भी गहरा कनेक्शन है। 1980 के दशक से पहले वह पेप्सी पीते थे, जिसके कारण उनका बेटा उन्हें पेप्सी वॉरेन कहकर बुलाता था, लेकिन 1985 में उनके एक पड़ोसी, जो कोका-कोला के अधिकारी थे उन्होंने उन्हें चेरी कोक का सैंपल भेजा। इसके बाद बफेट इसके ऐसे दीवाने हुए कि 1986 में उन्होंने इसे अपनी कंपनी बर्कशायर हैथवे की बैठकों का आधिकारिक पेय घोषित कर दिया।
इसके ठीक दो साल बाद 1988 में बर्कशायर हैथवे ने कोका-कोला कंपनी में भारी निवेश करना शुरू किया। उन्होंने करीब 1.3 अरब डॉलर खर्च करके कोका-कोला के 400 मिलियन शेयर यानी कंपनी में करीब 9 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी। बफेट के इस कदम ने निवेशकों को यह संदेश दिया कि पैसा उसी बिजनेस में लगाओ, जिसे तुम अच्छी तरह से समझते हो। कोका-कोला से बफेट को तगड़ी कमाई भी होती है। कंपनी ने फरवरी में अपने तिमाही डिविडेंड को बढ़ाकर 0.53 डॉलर प्रति शेयर कर दिया।
चूंकि बर्कशायर हैथवे के पास कोका-कोला के कुल 400 मिलियन शेयर हैं, इस हिसाब से बर्कशायर को कोका-कोला से सालाना करीब 848 मिलियन डॉलर यानी करीब 7,100 करोड़ रुपए का पैसिव डिविडेंड मिल रहा है। कोका-कोला को शेयर बाजार में डिविडेंड किंग के नाम से जाना जाता है, जो लगातार 64 सालों से हर साल अपने डिविडेंड में बढ़ोतरी करता आ रहा है। यही कारण है कि बफेट को बिना कुछ किए भी कंपनी से अपने आप मोटा मुनाफा होता रहता है, जो उनके चतुर निवेश का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!